कोरबा: भैंस की तलाश में जंगल गए ग्रामीण को दंतैल हाथी ने कुचला, मौके पर ही मौत

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत जटगा रेंज में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रात के समय अपने मवेशियों की तलाश में जंगल गया था, जहां पहले से मौजूद दंतैल हाथी ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

मवेशी खोजने गया था ग्रामीण

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धवलपुर के बधवापारा निवासी संतोष सिंह (35 वर्ष), पिता शिवमंगल सिंह सोमवार रात करीब 9 बजे गांव से लगे जंगल में अपनी भैंस की तलाश में गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक दंतैल हाथी से उनका सामना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक हाथी ने अचानक हमला कर संतोष को सूंड से उठाकर पटक दिया और बुरी तरह कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना से गांव में मातम, मौके पर पहुंचा वन अमला

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक संतोष की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।

वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी समय पर गांवों तक नहीं पहुंचाई गई। यदि पहले से चेतावनी जारी की जाती, तो लोग रात के समय जंगल की ओर जाने से बच सकते थे और इस हादसे को टाला जा सकता था।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रभावित गांवों में नियमित गश्त, मुनादी के जरिए समय-समय पर अलर्ट जारी करने और हाथियों की निगरानी के लिए विशेष टीम तैनात करने की मांग की है।

इलाके में दहशत का माहौल

ग्रामीण की मौत के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। लोग रात के समय जंगल और खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Share This Article