कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र से एक 30 वर्षीय गुपचुप व्यवसायी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। चार दिन बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र जायसवाल (30 वर्ष) 26 जून की सुबह रोजाना की तरह घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र सुबह करीब 5:30 बजे लालघाट जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है और उनसे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पाया है।
रिश्तेदारों से लेकर अस्पतालों तक की तलाश
धर्मेंद्र के लापता होने के बाद परिवार ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की। रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क करने के साथ-साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और विभिन्न अस्पतालों में भी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजनों ने सिविल लाइन रामपुर थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
धर्मेंद्र जायसवाल पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वाहन स्टैंड में कार्य करते थे। बाद में उन्होंने रामपुर मुख्य मार्ग पर गुपचुप (पानीपुरी) का व्यवसाय शुरू किया और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही जिले और आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। जांच के सभी पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को धर्मेंद्र जायसवाल के संबंध में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तत्काल सिविल लाइन रामपुर थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित खोजा जा सके।
