बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, बीच से टूटा बांसाझाल स्थित पुल, यात्री बस फंसी, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

 

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर बांसाझाल स्थित पुल मंगलवार को अचानक बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे के समय एक यात्री बस पुल से गुजर रही थी, जो टूटे हुए हिस्से के मुहाने पर जाकर फंस गई। राहत की बात यह रही कि बस नदी में नहीं गिरी और उसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही पुल के मध्य हिस्से में पहुंची अचानक तेज धमाके के साथ पुल का स्लैब धंस गया। देखते ही देखते पुल दो हिस्सों में बंट गया और बस का अगला हिस्सा टूटे हुए भाग के किनारे अटक गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आवागमन पूरी तरह ठप

पुल के क्षतिग्रस्त होने से बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। इसके चलते पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक के अलावा मध्य प्रदेश के जबलपुर और शहडोल तथा छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यात्री बसों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर यात्रा करने से बचें और प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करें। पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

Share This Article