कोरबा: थाने के गेट पर भोजपुरी गाने पर रील बनाना पड़ा भारी, वायरल होते ही पुलिस ने महिला को बुलाया थाने

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा:  सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स बटोरने के चक्कर में पुलिस थाना परिसर में रील बनाना एक महिला को भारी पड़ गया। कोरबा के कोतवाली थाना परिसर में मेन गेट और ‘संवेदना कक्ष’ के सामने बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला को थाने बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

मामला सीतामढ़ी क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली उषा मिश्रा ने कोतवाली थाना परिसर में भोजपुरी गाने ‘आज जेल होई… कल बेल होई… परसों से उहे खेल होई’ पर वीडियो बनाया था। रील में महिला थाना के मुख्य गेट और संवेदना कक्ष के सामने खड़े होकर वीडियो बनाती नजर आ रही है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वायरल रील पर पुलिस की नजर

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और महिला को कोतवाली थाने बुलाया। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, महिला के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई है।

पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसने यह वीडियो केवल मनोरंजन के लिए बनाया था। उसका पुलिस विभाग या थाना परिसर का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। महिला ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा।

कार्रवाई के बाद मांगी माफी

पुलिस की कार्रवाई के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी गलती के लिए माफी मांगी। उसने कहा कि रील बनाने का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन था और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या पुलिस का अपमान करना उसका मकसद नहीं था।

पुलिस ने दी सख्त हिदायत

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना परिसर कोई सामान्य सार्वजनिक स्थान नहीं है। सुरक्षा और संवेदनशीलता को देखते हुए बिना अनुमति वहां फोटो, वीडियो या रील बनाना प्रतिबंधित है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए थाने या अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों में इस तरह की गतिविधियां न करें।

 

Share This Article