कोरबा/हरदी बाजार :-
गणेश उत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भक्तिमय वातावरण में मनाने को लेकर हरदी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार सिंह ने गणेश पंडाल समितियों, आयोजकों और आम नागरिकों से महत्त्वपूर्ण अपील की है। थाना प्रभारी ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और उत्साह का पर्व है, लेकिन उत्सव के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।
गणेश उत्सव को लेकर हरदी बाजार थाना प्रभारी आशीष सिंह की अपील है कि चौंक- चौराहों और मुख्य मार्ग किनारे स्थापित किये जाने वाले गणेश पंडालों की व्यवस्था इस प्रकार रखी जाए कि आने- जाने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं सड़क पर अतिक्रमण न करें, आवागमन सुचारू बना रहे। डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम का उपयोग न करें। माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित सीमा में ही करें। कानफोड़ू ध्वनि से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है, भक्ति में शोर नही होना चाहिए और पंडालों में सौहार्द्र और भाईचारे का वातावरण बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसके अलावा भक्तिमय वातावरण में किसी भी प्रकार के उपद्रव, हुड़दंग या नशाखोरी को बर्दाश्त नही किया जाएगा। पंडालों की सुचारू व्यवस्था वालंटियर समिति स्वयं करें। थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि सभी समितियां स्थापना की जानकारी थाने में अवश्य दें। विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन करें। पुलिस प्रशासन गणेश उत्सव को सफल बनाने के लिए समितियों के साथ हर संभव सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा- गणेश उत्सव में भक्ति हो, लेकिन किसी को तकलीफ न हो, यही हमारा उद्देश्य है। हरदी बाजार पुलिस आपके सहयोग से उत्सव को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराएगी। यदि किसी प्रकार की अराजकता निर्मित होने की आशंका हो तो मोबाइल नंबर क्रमांक- 94791-93320पर तत्काल सूचित करें, समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाएगी,
इस बिच उपस्थित बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से उपनिरीक्षक नकुल झरिया, एएसआई कृष्ण पाल कंवर, ममता दुबे, हेमंत कंवर, जयप्रकाश यादव, गौतम पटेल, गौकरण श्याम मौजूद रहे। वहीं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व मीडिया जगत से पत्रकार बाबू राम राठौर, जगदीश अग्रवाल, राजाराम राठौर, विनोद उपाध्याय, निलेंद्र राठौर, रवि राठौर सहित कोटवार लखनलाल, ग्राम पंचायत गुमिया के सरपंच गौतम बीयार, विभिन्न समितियों के सदस्य व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


