कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: गेवरा क्षेत्र की श्रमिक सियासत में साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (SEKMC) इंटक ने बड़ी और ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। सदस्यता सत्यापन के जारी समेकित आंकड़ों में इंटक 496 सदस्यता के साथ सबसे आगे निकल गई है।
सत्यापन के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक SEKMC इंटक को कुल 496 सदस्यता प्राप्त हुई है, जबकि उसके निकटतम प्रतिद्वंद्वी SKMS को 493 सदस्यता मिली है। इस तरह इंटक ने 3 मतों की बढ़त के साथ गेवरा प्रोजेक्ट में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
25 साल बाद बदली गेवरा की तस्वीर
इंटक समर्थकों के बीच इस परिणाम को करीब 25 साल बाद गेवरा में बड़ी जीत और संगठन की मजबूत वापसी के तौर पर देखा जा रहा है। पहले दिन 295 सदस्यता के साथ बराबरी पर रहने के बाद इंटक ने अगले चरण में अपनी बढ़त को निर्णायक बना दिया।
496 सदस्यता के साथ इंटक ने गेवरा में अपना परचम लहरा दिया है और अपनी मजबूत श्रमिक पकड़ का प्रदर्शन किया है।
कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
लंबे समय के बाद गेवरा में शीर्ष स्थान हासिल करने से संगठन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। समर्थकों का कहना है कि यह परिणाम कर्मचारियों के बीच संगठन की लगातार सक्रियता और श्रमिक हितों के मुद्दों पर ईमानदारी से काम करने का नतीजा है।
गेवरा जैसे बड़े कोयला क्षेत्र में सदस्यता सत्यापन में नंबर-1 बनना इंटक के लिए बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। अब संगठन के सामने इस बढ़त को बनाए रखने और कर्मचारियों के विश्वास को और मजबूत करने की चुनौती होगी।

