कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: आगामी गणेशोत्सव, गणपति विसर्जन एवं विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने व्यापक बाइक पेट्रोलिंग की।
बाइक पेट्रोलिंग के दौरान सिविल लाइन थाना, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र, कोतवाली थाना एवं सीएसईबी थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया गया। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही पंडाल समितियों को आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए।
असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी। आगामी गणपति विसर्जन और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली पेट्रोलिंग की कमान
बाइक पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल शामिल रहा। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
शांति और सौहार्द बनाए रखने पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने गणेशोत्सव, गणपति विसर्जन एवं विश्वकर्मा पूजा के आयोजकों तथा आम नागरिकों से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
