लोन के नाम पर महिला से लाखों रुपए की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जांजगीर-चांपा पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ट्रेक्टर लोन किस्त पटाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी। बैंक को पता न चले इससे पहले ही आरोपी ने नौकरी छोड़ दी थी।
प्रार्थिया अच्छेमति साहू ने श्रीराम फायनेंस लिमिटेड जांजगीर से ट्रेक्टर वाहन खरीदने के लिए फायनेंस लिया था। आरोपी राहुल यादव, जो श्रीराम फायनेंस लिमिटेड जांजगीर में फील्ड आफिसर के रूप में काम करता था, ने प्रार्थिया को झांसे में लेकर लोन किस्त के नाम पर 1,56,000 रुपये लिए थे। आरोपी राहुल यादव ने प्रार्थिया को बताया कि लोन क्लोज करने के लिए 1,56,000 रुपये देने होंगे। प्रार्थिया ने आरोपी को 90,000 रुपये दिए थे। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थिया को फर्जी लोन क्लोजर रिपोर्ट दिखाया और कहा कि लोन क्लोज हो गया है। लेकिन वास्तव में आरोपी ने लोन किस्त का पैसा अपने उपयोग में खर्च कर लिया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
