कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि महतारी वंदन योजना की राशि को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपने ही हाथों से पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला पसान थाना क्षेत्र के ग्राम सैला का है। जहां निवासी सुन्नी बाई को महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए की राशि मिली थी। 5 अक्टूबर को सुन्नी बाई और उसके पति महिपाल धुनुहार उर्फ महिलाल ने बैंक से यह राशि निकाली। दोनों ने इसमें से 200 रुपए खर्च कर शराब खरीदी और साथ में पी। इसके बाद जब सुन्नी बाई ने बचे हुए 800 रुपए मांगे, तो पति ने कहा कि सब खर्च हो गए। इसी पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान महिपाल ने अपनी पत्नी को मुक्के से सिर और चेहरे पर मारपीट कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डायल 112 की टीम द्वारा सुन्नी बाई को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिपाल धुनुहार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
