कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शारदीय नवरात्र में जिले के कोरबा स्थित सर्वमंगला मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर पहुंचकर श्रद्धालू धूमधाम से माता की आराधना कर रहे हैं। ऐसे में आज नवमी के दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। वहीं जिला पुलिस बल के खास सहयोगी जांबाज बाघा स्नीफर डॉग भी मां सर्वमंगला के दर्शन करने पहुंचा। डॉग मेंटर सुनील गुप्ता के साथ पहुंचे बाघा ने सबसे पहले काल भैरव का दर्शन किया और उसके बाद माँ सर्वमङ्गला के सामने हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया। बाघा को मंदिर में पूजा करते देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने अपने फोन पर इस दृश्य को कैद कर लिया।


जांबाज बाघा स्नीफर डॉग जो अपनी श्रेणी का सर्वोत्तम ट्रैकर डॉग है। ये ना सिर्फ पुलिस के लिए उपयोगी है बल्कि प्रदेश में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका है। राज्य भर के पुलिस डॉग में से सर्वश्रेष्ठ चुना गया है। बाघा की मदद से कोरबा पुलिस को अब तक अपराध के कई मामले सुलझाने में बड़ी सफलता मिली है।


