कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में 400 सीमेंट बोरी की चोरी के मामले में खुलासा करते हुए दीपका पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें खरीददार भी शामिल है। मामले में पुलिस ने दो ट्रैक्टर भी जप्त किया है।
जानकारी के मुताबिक दीपका थाना अंतर्गत ग्राम देवगांव स्थित बेचिंग प्लांट में 400 बैग सीमेंट की चोरी का मामला सामने आया है। यह प्लांट जेटवर्क कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था जो 130 किलोमीटर रेलवे लाइन का काम कर रही है। घटना 30 अक्टूबर की रात की है, जब प्लांट में 600 बैग सीमेंट अनलोड किया जा रहा था। तभी सूचना मिली कि प्लांट के पास के गांव में इस नॉन ट्रेंड सीमेंट को बेचा गया है। इस बात की जानकारी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और उनके निर्देशानुसार नॉन ट्रेंड सीमेंट की गिनती कराई गई, जिसमें 400 बैग्स सीमेंट गायब पाया गया। गायब हुई सीमेंट अल्ट्रा टेक OPC 43 ग्रेड की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। जेटवर्क कंपनी में स्टोर ऑफिसर के पद पर कार्यरत संकेत गुरू ने दीपका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कंपनी के ही बलेंदर सिंह, भूपेंद्र सूर्यवंशी, और सन्नी कुमार पर संदेह जताया ।
घटना की शिकायत दर्ज कर दीपका पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी। कड़ी कार्यवाही करते हुए चोरी की गई सीमेंट की बरामदगी कर सभी 9 आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार कर अपराध पंजीबद्ध किया। सभी आरोपी दीपका के निवासी है। वहीं दो ट्रैक्टर और 400 बोरी सीमेंट समेत 52000 रुपए जप्त किया गया है। मामले पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
