रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ पुलिस ने 1 से 31 जुलाई 2025 तक चलाए गए “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन और पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत 113 बालक और 701 बालिकाओं समेत कुल 814 गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित खोज निकाला गया।
अभियान के दौरान जिलों में गठित विशेष पुलिस टीमों ने बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इनमें से 122 बच्चे अन्य राज्यों से बरामद किए गए, जिनमें उत्तर प्रदेश (9), बिहार (6), मध्य प्रदेश (24), आंध्र प्रदेश (4), तेलंगाना (12), ओडिशा (8), दिल्ली (3) और महाराष्ट्र (31) शामिल हैं।
बच्चों की बरामदगी में शीर्ष पर रहे जिले, दुर्ग- 181 बच्चे, बिलासपुर- 151 बच्चे, जांजगीर-चांपा- 60 बच्चे। बरामद सभी बच्चों को विधिवत उनके परिजनों को सौंपा गया। लंबे समय से बिछड़े अपने बच्चों को देखकर परिवारों के चेहरे पर खुशी और राहत के भाव उमड़ पड़े। छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों को ढूंढना नहीं, बल्कि उन्हें उनके परिवार से मिलाकर घरों में फिर से खुशियां लौटाना है।
