नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिली अज्ञात महिला की लाश, इलाके में फैली सनसनी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिली अज्ञात महिला की लाश, इलाके में फैली सनसनी

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:   बिलासपुर जिले के थाना पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवटीकारी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शिवनाथ नदी के किनारे ग्रामीणों को बोरी में बंद एक महिला का शव मिला। यह खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर लगभग 12 बजे कुछ ग्रामीण नदी किनारे गए थे। तभी उनकी नजर किनारे पड़ी एक बड़ी बोरी पर गई। बोरी का आकार और स्थिति संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने नजदीक जाकर देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को खुलवाया तो उसके अंदर 20 से 30 वर्ष की एक अज्ञात महिला की लाश मिली।

टैटू से हो सकती है पहचान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के दाहिने हाथ पर त्रिशूल और महादेव का टैटू बना हुआ है, जबकि बाएं हाथ पर अंग्रेजी में ग्राफिक स्टाइल का टैटू है। इन्हीं निशानों के आधार पर मृतका की पहचान की कोशिश की जा रही है।

जांच और पहचान के लिए अपील

थाना प्रभारी पचपेड़ी ने कहा कि यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी महिला के लापता होने की जानकारी है, या इस तरह के टैटू वाली महिला को वे पहचानते हैं, तो तुरंत थाना पचपेड़ी के मोबाइल नंबर 9479193043 या कंट्रोल रूम बिलासपुर के नंबर 9479193099 पर सूचना दें। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह से बोरी में बंद शव मिलना अत्यंत भयावह है। 

Share This Article