पुरानी रंजिश में खूनी वारदात: पिता ने नाबालिग बेटे और साथियों संग युवक को उतारा मौत के घाट, 7 गिरफ्तार, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक विवाद आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया। कोरबा शहर के रामसागर पारा इलाके में रविवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय डीजे ऑपरेटर रवि यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमले में उसका एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में दो कथित मास्टरमाइंड समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इंस्टाग्राम स्टोरी से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले रवि यादव और महेंद्र गंगवानी के बीच इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसकी शिकायत थाने तक पहुंची थी। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था।

जानकारी के अनुसार रवि यादव रविवार रात एक कार्यक्रम से लौट रहा था। जैसे ही वह रामसागर पारा इलाके में पहुंचा, उसकी मुलाकात महेंद्र गंगवानी से हो गई। दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

चाकू, ईंट और लाठी से किया हमला

आरोप है कि महेंद्र गंगवानी ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर रवि पर हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में चाकू, ईंट और लाठियां थीं। उन्होंने रवि के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रवि की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान रवि को बचाने पहुंचे उसके एक दोस्त पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

https://youtube.com/shorts/7JbBWWolHNo?si=VOACldW1yiwCDYwx

वारदात का वीडियो वायरल

हमले के दौरान आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावरों की बर्बरता साफ दिखाई देने की बात कही जा रही है।

रवि की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। नाराज लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।

7 आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

इस घटना का वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें:-

https://youtube.com/shorts/7JbBWWolHNo?si=VOACldW1yiwCDYwx

Share This Article