कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के मोती सागर पारा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने 7 साल की मासूम बच्ची को पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। गनीमत रही कि पास में खेल रही दूसरी बच्ची ने यह सब देख लिया और तुरंत शोर मचाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी जहां वे मौके पर पहुंचकर बच्ची को ड्रम से बाहर निकाला।
घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जब मोहल्ले के कुछ बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी युवक बच्चियों के पास पहुंचा और मौका देखकर एक बच्ची को उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। बच्ची के डूबने से पहले ही उसकी सहेली ने घरवालों को बुलाया और लोगों ने दौड़कर बच्ची को ड्रम से बाहर निकाला। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक मासूम की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है कि उसने यह खौफनाक हरकत क्यों की।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। लोगों में युवक की हरकत को लेकर भारी आक्रोश है और वे उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि समय पर बच्ची को नहीं निकाला जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
