ऑटो पार्ट्स दुकान में लगी भीषण आग, 4 बाइक-2 स्कूटी समेत लाखों का सामान जलकर खाक

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलकेजा के आमापाली में स्थित देवांगन ऑटो पार्ट्स की दुकान में देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में दुकान के बाहर और अंदर रखे 4 मोटरसाइकिल, 2 स्कूटी, 2 साइकिल समेत बड़ी मात्रा में ऑटो पार्ट्स, टायर-ट्यूब और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 5 लाख रुपये की क्षति हुई है।

दुकान संचालक सुनील कुमार देवांगन ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सबसे पहले बाहर खड़े वाहन आग की चपेट में आए और इसके बाद लपटें दुकान के अंदर रखे सामान तक पहुंच गईं। आग तेजी से घर की ओर भी बढ़ने लगी, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने बाल्टी और पाइप की मदद से करीब आधे घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

आग में चार बाइक, दो स्कूटी, दो साइकिल के अलावा बड़ी मात्रा में ऑटो पार्ट्स, टायर-ट्यूब और अन्य सामग्री नष्ट हो गई। दुकान संचालक के अनुसार इस हादसे में लगभग 5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दुकान संचालक ने उरगा थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की आशंका जताई है।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम की भी सहायता ली जाएगी।

Share This Article