कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा शहर के एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हेलीपैड हनुमान मंदिर के पास बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक बोलेरो चालक के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवारी निवासी सोहेल अली, जो सीएसईबी पावर प्लांट में कार्यरत हैं, काम के सिलसिले में निहारिका की ओर जा रहे थे। उनका आरोप है कि आगे चल रही काले रंग की नेक्सॉन कार धीमी गति से चल रही थी। रास्ता देने के लिए उन्होंने हॉर्न बजाया, जिससे कार चालक नाराज हो गया।
आरोप है कि नेक्सॉन चालक सुजल सोनवानी ने अपनी कार बीच सड़क पर रोक दी और बाहर निकलकर सोहेल अली के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने बोलेरो चालक का पीछा कर उसके साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना उस समय हुई जब आसपास के स्कूलों की छुट्टी होने के कारण सड़क पर बच्चों और राहगीरों की भीड़ थी। मारपीट के चलते करीब 15 मिनट तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मारपीट का आरोपी युवक सुजल सोनवानी सुभाष ब्लॉक का निवासी है और एसईसीएल कर्मी का पुत्र है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि बोलेरो चालक सोहेल अली की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर बोलेरो चालक के खिलाफ भी क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
