नाले में बहे ग्रामीण का 48 घंटे बाद मिला शव, मछली पकड़ने के दौरान हुआ था हादसा

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के कटघोरा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच नाले में बह गए एक ग्रामीण का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। डिंडोलभाठा गांव निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार को उनका शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार बंधु लोहार सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार सुबह कटघोरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में तेज बहाव और खराब परिस्थितियों को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। मंगलवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ ने दोबारा संयुक्त अभियान शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल ने बताया कि जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। साथ ही बच्चों को भी पानी के आसपास अकेले न जाने देने की सलाह दी गई है।

तटीय गांवों को अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी और नालों के किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

Share This Article