उफनते नाले को पार करना पड़ा भारी, 60 वर्षीय बुजुर्ग की हुई मौत, पत्नी ने तैरकर बचाई जान

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। रामपुर से लगे डेंगूनाला बस्ती में सोमवार सुबह 60 वर्षीय गोरे लाल नाला पार करते समय तेज बहाव में बह गए, जबकि उनकी 58 वर्षीय पत्नी जान बाई ने तैरकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गोरे लाल और उनकी पत्नी जान बाई रामपुर बस्ती के रहने वाले थे। दोनों आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर अपना गुजारा करते थे। सोमवार सुबह वे बालको बस्ती से लौट रहे थे। इसी दौरान डेंगूनाला उफान पर था। घर पहुंचने की जल्दबाजी में दोनों ने नाला पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच धारा में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहने लगे।

जान बाई ने काफी संघर्ष के बाद तैरकर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन गोरे लाल तेज बहाव में बहते चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पानी से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी।

एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया

परिजनों के मुताबिक, गोरे लाल की एक बेटी है, जो पढ़ाई कर रही है। परिवार की आजीविका भीख मांगने पर निर्भर थी। ऐसे में गोरे लाल की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट और गहरा गया है।

लगातार बारिश से बढ़ा खतरा

कोरबा जिले में सोमवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों को पार नहीं करने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

Share This Article