कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे 2 वर्षीय मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार बरेठ के पुत्र केशव (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बुधवार से लापता था।
जानकारी के अनुसार केशव के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। बुधवार को दोनों लाल घाट क्षेत्र में मजदूरी करने गए थे और अपने साथ मासूम बेटे को भी ले गए थे। काम खत्म होने के बाद परिवार डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे रुका। इसी दौरान पिता कुछ दूरी पर चले गए, जबकि मां बच्चे को दूध पिलाते-पिलाते वहीं बैठी रह गई। बताया जा रहा है कि थकान के कारण मां की आंख लग गई। इसी बीच मासूम खेलते-खेलते वहां से निकल गया।
जब मां की नींद खुली तो केशव आसपास नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। बाद में उसकी गुमशुदगी की जानकारी भी दी गई थी।
गुरुवार शाम स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव तैरते देखा। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पहचान कराने पर परिजनों ने उसे केशव के रूप में पहचान लिया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालको थाना पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह मामला डूबने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
बारिश में बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण डेंगूनाला समेत आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कुछ दिन पहले भी इसी नाले में तेज बहाव की चपेट में आने से एक दंपती बह गया था, जिसमें पति की मौत हो गई थी जबकि पत्नी ने तैरकर अपनी जान बचाई थी। ऐसे में प्रशासन से नदी-नालों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को सतर्क करने की मांग की जा रही है।
