कोरबा: पंप हाउस कॉलोनी में दो पक्षों में जमकर मारपीट, 50 से अधिक युवाओं ने धारदार हथियारों से किया हमला, कई लोग घायल

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी चौकी के पंप हाउस मोहल्ले में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में धारदार हथियारों और लाठी-डंडों के इस्तेमाल का आरोप है। मारपीट में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग देर रात सीएसईबी चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे।

घायल हरीश राव ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि रात करीब 10 बजे कई वाहनों से 50 से 60 युवक हथियारों से लैस होकर मोहल्ले पहुंचे और हमला कर दिया। उनके अनुसार हमलावरों ने घरों में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की, पथराव किया और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। हरीश ने दावा किया कि वह हमलावरों में से 15 से 20 लोगों को पहचानता है और पुलिस को उनके नाम भी बताए हैं। उनका आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया।

घटना में घायल श्वेता दास ने भी आरोप लगाया कि हथियारबंद युवकों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने जान बचाने के लिए घरों में शरण ली, जबकि हमलावरों द्वारा पथराव और तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है।

घटना के बाद घायल और स्थानीय निवासी सीएसईबी चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि यह आपसी रंजिश से जुड़ा मामला है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article