कोरबा मेडिकल कॉलेज में महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म, एक नवजात की मौत; दो की हालत स्थिर

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक दुर्लभ प्रसव का मामला सामने आया, जहां एक महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। इनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल थे। हालांकि जन्म के करीब डेढ़ घंटे बाद एक नवजात बेटी की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे बेटे और बेटी का एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में इलाज जारी है और दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार जटगा थाना क्षेत्र के ग्राम मुकुवा निवासी तीरथ उइके की पत्नी फूल कुंवर को मंगलवार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर पर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों ने डायल-112 की मदद ली। एंबुलेंस से पहले उन्हें कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही प्रसूति विभाग की टीम ने महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया। कुछ ही देर बाद फूल कुंवर ने सामान्य प्रसव से तीन प्रीमैच्योर (समय से पहले जन्मे) बच्चों को जन्म दिया। शुरुआती जांच में तीनों नवजात स्वस्थ नजर आ रहे थे, जिससे अस्पताल स्टाफ और परिजनों में खुशी का माहौल था।

लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं रह सकी। जन्म के करीब डेढ़ घंटे बाद एक नवजात बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक शेष एक बेटा और एक बेटी को एसएनसीयू में विशेष निगरानी में रखा गया है। दोनों को ऑक्सीजन सपोर्ट और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों नवजातों के साथ-साथ प्रसूता फूल कुंवर की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

प्रसूता के पति तीरथ उइके ने बताया कि प्रसव के दौरान परिवार काफी चिंतित था। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एक बेटी को खोने का दुख हमेशा रहेगा, लेकिन मां और दो बच्चों के सुरक्षित होने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।

Share This Article