कोरबा के इस गांव में 54 हाथियों ने मचाई तबाही, 27 ग्रामीणों की फसलें तबाह, दहशत में ग्रामीण

2 Min Read


कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यज:  कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज स्थित तनेरा गांव में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। बीते रात 54 हाथियों के एक विशाल झुंड ने गांव में धावा बोलते हुए खेतों में लगी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। इस हमले से करीब 27 ग्रामीणों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

ग्रामीणों ने हाथियों के इस उत्पात की सूचना तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाथियों पर निगरानी बढ़ा दी गई। साथ ही क्षति के आकलन का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में डेरा डाले यह हाथियों का दल प्रतिदिन खेतों में घुसकर फसलों को रौंद रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। लोगों को डर है कि कहीं यह झुंड उनके घरों की ओर रुख न कर ले।

वन विभाग की ओर से निगरानी तो की जा रही है, लेकिन हाथी लगातार खेतों तक पहुंचने में सफल हो रहे हैं, जो कि प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। ग्रामीणों की मांग है कि हाथी समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला जाए, जिससे उनकी आजीविका और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। गौरतलब है कि इसी झुंड में शामिल एक दंतैल हाथी ने कुछ दिन पहले लकड़ी लेने जंगल गए एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला था, जिससे क्षेत्र में पहले से ही दहशत का माहौल है।

Share This Article