ग्रामवासियों ने 10 अक्टूबर की त्रिपक्षीय वार्ता को निरस्त करने सौंपा पत्र

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/हरदीबाजार:  एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित ग्राम हरदीबाजार में प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता एक बार फिर टलती नजर आ रही है। बुधवार को एसडीएम पाली की ओर से ग्राम पंचायत सरपंच को वाट्सएप के माध्यम से यह जानकारी दी गई कि 10 अक्टूबर को अपर कलेक्टर, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे तहसील कार्यालय हरदीबाजार में एसईसीएल दीपका और ग्रामवासियों के बीच वार्ता आयोजित की जाएगी।

इस वार्ता को निरस्त करने के लिए ग्राम पंचायत सरपंच के नेतृत्व में ग्रामवासियों ने तहसीलदार विष्णु प्रसाद पैंकरा को सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंपा। उनका कहना है कि जब तक पूर्व में एसईसीएल दीपका प्रबंधन को सौंपे गए मांग पत्र की मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक किसी भी प्रकार की वार्ता या बैठक में शामिल नहीं हुआ जाएगा।

गौरतलब है कि हरदीबाजार में स्थित जमीन पर बनी परिसंपत्तियों व मकानों का सर्वेक्षण किया जाना प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की जा रही थी। इससे पहले भी प्रशासन की ओर से 8 अक्टूबर को बैठक की सूचना सार्वजनिक की गई थी।

अब देखने वाली बात यह होगी कि एसईसीएल प्रबंधन ग्रामवासियों की मांगों को मानता है या जिला प्रशासन के सहयोग से जबरन मकानों का सर्वेक्षण कराने की कोशिश करता है। ग्रामवासी अपनी जायज मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि पहले उनके हक को पूरा किया जाए।

Share This Article