बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के राजीव गांधी चौक के पास स्थित केजीएन कार गैरेज के सामने से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गैरेज संचालक मेहबूब खान, निवासी तैयबा चौक तालापारा, ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मेहबूब खान ने पुलिस को बताया कि 6 अक्टूबर को वे अपनी एचएफ डीलक्स (क्रमांक CG 10 AM 9636) बाइक से मंदिर चौक गए थे। वापसी पर उन्होंने शाम करीब 4 बजे अपनी बाइक गैरेज के सामने खड़ी कर दी और काम में व्यस्त हो गए। जब वे शाम को घर लौटने के लिए बाइक लेने पहुंचे तो वह वहां नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने चोरी की आशंका जताई।

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस के अनुसार एक कैमरे में चोर की हरकतें स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं और उसकी तस्वीर भी साफ दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
