प्रेम का दर्दनाक अंत: युवती के परिजनों ने प्रेमी को दी थी जहर की गिलास, इलाज के दौरान हुई मौत

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के दूरस्थ लेमरु थाना क्षेत्र के ग्राम देवपहरी में एक प्रेम प्रसंग ने दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां युवती से प्रेम करने वाले 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को पहले युवती के परिजनों ने भोजन के लिए आमंत्रित किया, फिर कथित तौर पर प्यार की परीक्षा लेते हुए उसे जहर पिला दिया। इसके कुछ दिन बाद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कृष्ण कुमार पंडो, पिता समय लाल पंडो, निवासी ग्राम देवपहरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कृष्ण का गांव की एक नाबालिग से प्रेम प्रसंग था। युवती के परिजनों को जब इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने 27 सितंबर को कृष्ण को अपने घर बुलाया और स्वागत-सत्कार के बाद प्रेम की गंभीरता को लेकर परिजनों ने कृष्ण कुमार से पूछा कि वह उसकी पुत्री से कितना प्यार करता है और उसके लिए क्या-क्या कर सकता है। युवती के परिजनों ने एक गिलास में जहर घोलकर दे दिया था। युवक ने जवाब में कहा कि वह युवती से बेहद प्यार करता है और उसके लिए कुछ भी कर सकता है। इसके बाद उसने वह गिलास पी लिया।

इसके बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। युवती के परिजन उसे इलाज के बहाने घर से लेकर निकले, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ने पर उसे बीच रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गए। रात लगभग 12 बजे कृष्ण के परिजनों को किसी ने फोन कर बताया कि वह रास्ते में अचेत पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे घर ले आए। रातभर युवक घर पर ही रहा। अगले दिन उसे लेमरु स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। 11 दिनों तक इलाज के बाद 8 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई।

जेब से मिली कीटनाशक की बोतल

मृतक की मौसी कस्तूरी कुमारी ने बताया कि जब परिजन उसे लेने पहुंचे, तब युवक की जेब से ‘555’ नामक कीटनाशक की शीशी मिली थी। परिजनों के अनुसार युवक ने इलाज के दौरान उन्हें सारी बातें बताई थीं।

पुलिस ने शुरू की जांच

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण ने जानकारी दी कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच कार्यवाही कर रही है।

Share This Article