इंटक कार्यालय की खिड़की की जाली में फंसा 7 फुट लंबा धामन सांप, मचा हड़कंप

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र स्थित इंटक कार्यालय में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कार्यालय की खिड़की की जाली में करीब 7 फुट लंबा धामन सांप फंसा मिला। बताया जा रहा है कि सांप चूहे का शिकार करने आया था लेकिन शिकार खाने के बाद जाली में उलझ गया और बाहर नहीं निकल सका।

जानकारी के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 9 बजे की है। मौके पर मौजूद श्रमिक नेताओं ने तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के अध्यक्ष जितेंद्र सारथी को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक सांप को जाली से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित रूप से एक थैले में रख लिया।

SECL इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि यह सांप पिछले कुछ दिनों से कार्यालय परिसर के आसपास दिखाई दे रहा था और चूहों का शिकार करता था। उन्होंने कहा कि आसपास नर्सरी होने के कारण सांपों के निकलने की घटनाएं यहां सामान्य हैं।

वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि धामन सांप जहरीला नहीं होता और इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाता। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर डरें नहीं, बल्कि रेस्क्यू टीम को सूचित करें, ताकि उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा जा सके। सारथी ने बताया कि उनकी टीम सांप संरक्षण और जन-जागरूकता के लिए लगातार अभियान चला रही है, ताकि लोग वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय उनके संरक्षण में सहयोग करें।

Share This Article