बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अरपा नदी के पुराने पुल के पास एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान हाईकोर्ट अधिवक्ता राहुल अग्रवाल (निवासी भाटापारा) के रूप में हुई है। वे मंगला क्षेत्र में रहकर पिछले सात वर्षों से हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात राहुल अग्रवाल अपने एक मित्र की शादी में मोपका गए थे। देर रात करीब 12 बजे उनकी कार अरपा पुल के बीचों-बीच खड़ी देखी गई। कार लावारिस हालत में होने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। रात तीन बजे पुलिस ने वाहन को थाने में जब्त कर लिया।
इसी बीच अधिवक्ता राहुल अग्रवाल के लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी। शुक्रवार को नदी में तैरता शव दिखाई देने की सूचना पर पुलिस और SDRF टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक शव उसी स्थान के नीचे मिला है, जहाँ पुल पर उनकी कार खड़ी पाई गई थी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
