कोरबा में सौम्या चौरसिया की क्लासमेट के घर डकैती मामला: तीन और आरोपी पकड़ाए, अब तक कुल 22 गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के चर्चित डकैती कांड में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार बदमाशों की तलाश जारी है। मामला बालको थाना क्षेत्र के तराईडांड गांव का है।

जानें कैसे हुई थी वारदात

14 नवंबर की रात करीब 1 बजे 15 से ज्यादा हथियारबंद डकैत शत्रुघ्न दास के घर के पिछले हिस्से की दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। डकैतों ने शत्रुघ्न दास और उनकी पत्नी पर बंदूक तानकर परिवार के 11 सदस्यों को बंधक बना लिया था।

डकैतों ने परिवार से पूछा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रहीं सौम्या चौरसिया के 20–25 लाख रुपए कहां रखे हैं। जांच में सामने आया कि शत्रुघ्न दास की बेटी रायपुर में सौम्या चौरसिया की क्लासमेट थी और सौम्या का उनके घर आना-जाना था। इसी जानकारी के आधार पर डकैतों ने रकम के बारे में पूछताछ की। डकैतों ने 1.5 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूटे थे तथा जान से मारने की धमकी दी थी।

गिरफ्तार आरोपियों को जब मुलाइजा के लिए जिला मेडिकल कॉलेज लाया गया, तो उनके परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पकड़े गए युवक निर्दोष हैं और पुलिस ने उन्हें जबरन फंसाया है। उनके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

ASP नीतिश ठाकुर के मुताबिक, पुलिस ने पाली थाना क्षेत्र से लक्ष्मी नारायण श्याम, विनोद कुमार सलाम, और कटघोरा निवासी अक्षय कुमार पावले को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हथियार और लूटी गई राशि बरामद की गई है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके पास से चार पहिया वाहन और हथियार भी जब्त किए गए थे।

Share This Article