कोरबा रेलवे स्टेशन हादसा: झुलसे युवक की मौत, पेंटिंग के दौरान ओएचई लाइन की चपेट में आए थे 2 कर्मचारी

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा रेलवे स्टेशन में 24 नवंबर को हुए दर्दनाक हादसे में झुलसे युवक श्याम चौहान (25 वर्ष) ने इलाज के दौरान भिलाई के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा उस समय हुआ था जब वह प्लेटफॉर्म नंबर 1 के यार्ड में खड़ी दुर्घटना राहत वैन को पेंट कर रहा था। इसी दौरान अचानक ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) लाइन में करंट आ जाने से वह इसकी चपेट में आ गया। श्याम के साथ काम कर रहा उसका साथी प्रेमदास भी झुलस गया था। वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल श्याम को पहले जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे भिलाई रेफर किया गया। लगभग एक सप्ताह से रेलवे के सी एंड डब्ल्यू विभाग की ओर से राहत वैन को पेंट करने का काम चल रहा था। यह कार्य एक स्थानीय पेटी ठेकेदार को दिया गया था, जिसने स्टेशन के पास की बस्ती के युवकों को इसमें लगाया था।

जानकारी के अनुसार, राहत वैन पर काम के दौरान संबंधित लाइन को डेड कर दिया जाता है, लेकिन घटना के समय अचानक विद्युत प्रवाह चालू हो गया, जिससे दोनों मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इस लापरवाही को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।

मृतक श्याम चौहान कोरबा रेलवे स्टेशन के सामने कॉलोनी में रहता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी मां रतनबाई रेलवे में अनुकंपा नियुक्ति पर कार्यरत हैं। चार भाइयों में दूसरे नंबर पर रहने वाले श्याम की मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share This Article