खून से लथपथ मिली युवक की लाश, इलाके में फैली सनसनी
रायपुर: राजधानी से सटे तिल्दा थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वार्ड क्रमांक 15 में रेत के ढेर पर युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पेट और सीने पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब सुबह स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले और रेत के ढेर पर शव देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ललित यादव, निवासी नेवरा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
