रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राजधानी से लगे नवा रायपुर क्षेत्र में कलिंगा यूनिवर्सिटी के एक विदेशी छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गैर इरादतन हत्या के इस प्रकरण में पुलिस ने कलिंगा यूनिवर्सिटी के तीन विदेशी नागरिक छात्रों को गिरफ्तार किया है।
यह मामला थाना मंदिर हसौद क्षेत्र अंतर्गत नवा रायपुर सेक्टर-16 का है। पुलिस के अनुसार, 22 दिसंबर को सेक्टर-16 स्थित ईडब्ल्यूएस 30/06 भवन से गिरकर कलिंगा यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत विदेशी छात्र सैमपुर जुदे की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया कि 22 दिसंबर की शाम करीब 7:10 बजे मृतक सैमपुर जुदे अपने एक साथी के साथ भवन के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी के तीन अन्य विदेशी छात्र नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो उर्फ टोनी और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन वहां पहुंचे। तीनों ने मृतक पर एक साथी छात्रा के साथ बदतमीजी करने का आरोप लगाते हुए उससे विवाद शुरू किया और मारपीट की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के डर से सैमपुर जुदे अपने किराए के मकान की सीढ़ियों से होते हुए छत की ओर भागा। आरोप है कि तीनों आरोपी उसका पीछा करते हुए छत तक पहुंच गए। खुद को बचाने के प्रयास में मृतक ने छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे कांक्रीट रोड होने के कारण उसे सिर, मुंह और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में उसे उसके साथियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग जांच को अपराध में परिवर्तित किया।
थाना मंदिर हसौद पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 662/25 धारा 105 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
