कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल (NCH) गेवरा के चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर सोमवार को हमला किए जाने का मामला सामने आया है। डॉक्टर की शिकायत पर हरदीबाजार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम रलिया में सीएसआर के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था। शिविर के दौरान इलाज के लिए पहुंचे गांव के रामनारायण पटेल को डॉ. अर्पण विश्वास ने अन्य मरीजों की तरह लाइन में लगकर उपचार कराने को कहा। इस बात को लेकर रामनारायण पटेल ने नाराजगी जताई और कथित तौर पर डॉक्टर को धमकी दी।
आरोप है कि शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉक्टर, अस्पताल स्टाफ और एम्बुलेंस कर्मी वापस लौट रहे थे, तभी रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और दो अन्य युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर डॉ. अर्पण विश्वास के साथ लात-घूंसे से मारपीट की। इस हमले में डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में चोटें आईं।
घटना के बाद डॉक्टर और स्टाफ किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। हरदीबाजार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
घटना को लेकर चिकित्सा कर्मियों में नाराजगी देखी जा रही है। नेहरू शताब्दी अस्पताल के सीएमएस डॉ. कल्याण सरकार ने मानव संसाधन स्टाफ ऑफिसर, गेवरा को लिखित शिकायत सौंपते हुए चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही डॉक्टरों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
