दीपका कलिंगा कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से मारपीट: छुट्टी के मुद्दे परशुरू हुआ था विवाद, मामला दर्ज

Anil Jatwar
2 Min Read

गेवरा-दीपका/सीजी एन एन 24 न्यूज:– कोरबा के गेवरा-दीपका क्षेत्र में कलिंगा कॉरपोरेशन (KCC) डेको कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर (जीएम) महेश कुमार पर मंगलवार को कर्मचारियों ने हमला कर दिया। यह घटना SECL दीपका खदान क्षेत्र में कंपनी के साइट ऑफिस में छुट्टी को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।

जानकारी के अनुसार, कंपनी के जीएम महेश कुमार और कर्मचारियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि नियोजित कर्मचारियों ने उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस और सीआईएसएफ की QRT टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

KCC कंपनी के एल एंड आर हेड (जीएम) विकास दुबे ने बताया कि विवाद छुट्टी के मुद्दे पर शुरू हुआ था, जिसे कुछ लोगों ने अनावश्यक रूप से तूल दे दिया। इस दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर पर हमला किया गया और उन पर मिट्टी का गमला भी फेंका गया। घटना में ऑफिस की खिड़की टूटने की भी जानकारी सामने आई है।

मजदूरों की हाजिरी काटे जाने पर विवाद

वहीं, कंपनी के मजदूरों ने बताया कि सोमवार को दीपका में छत्तीसगढ़ी संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन हुआ था, जिसमें कुछ मजदूर छुट्टी लेकर शामिल हुए थे। बाद में लौटने पर उनकी हाजिरी काट दी गई, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया। मजदूरों का आरोप है कि महेश कुमार का व्यवहार मजदूरों के प्रति ठीक नहीं रहता, जिससे आक्रोश बढ़ा।

प्रोजेक्ट मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज

प्रोजेक्ट मैनेजर महेश कुमार की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दीपका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351 (3), 115 (2), और 3 (5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल, पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Share This Article