मुर्गा बनाने के विवाद में पति बना कातिल, पत्नी की हत्या कर शव फांसी पर लटकाया
रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम काराडेगा पटेलपारा में मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने अपराध छिपाने के लिए घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी साजिश को बेनकाब कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरधारी पैकरा (27 वर्ष) 24 दिसंबर की शाम बिना बताए घर मुर्गा लेकर आया था। इसी बात को लेकर पत्नी डिजेश्वरी पैकरा ने आपत्ति जताई। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर गिरधारी ने घर में रखी लोहे की फूंकनी और धारदार परसूल से पत्नी पर हमला किया, फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया और ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुँची लैलूंगा पुलिस को घटनास्थल की परिस्थितियाँ संदिग्ध लगीं, जिसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण स्पष्ट रूप से हत्या बताया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक दबाव में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की फूंकनी, धारदार परसूल और रस्सी जब्त की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को फांसी पर लटकाया था। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
