संदिग्ध हालात में मिली युवक की लाश, शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बेंद्री इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश बरामद की गई। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुँची उरला पुलिस ने घटनास्थल का जांच किया, जहां युवक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
वहीं मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्ट से शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
