कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ सरकार की छत्तीसगढ़ राज्य इलेक्ट्रिक वाहन योजना कोरबा जिले में तेजी से सफल होती नजर आ रही है। जिले में लगभग 4 लाख पेट्रोल और डीजल वाहनों से बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में यह योजना प्रभावी साबित हो रही है। बड़ी संख्या में लोग अब स्वच्छ और हरित परिवहन विकल्प की ओर रुख कर रहे हैं।
योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर वाहन मूल्य का 10 प्रतिशत या अधिकतम एक लाख रुपये तक की सब्सिडी सीधे वाहन स्वामी के बैंक खाते में दी जा रही है। जिला परिवहन कार्यालय कोरबा द्वारा डीलर पॉइंट पर रजिस्ट्रेशन के दौरान बैंक विवरण लेकर ई-व्ही पोर्टल में प्रविष्टि और दस्तावेज सत्यापन के बाद सब्सिडी राशि का पारदर्शी तरीके से भुगतान किया जा रहा है।

1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जिले के 1774 वाहन स्वामियों को कुल 3 करोड़ 27 लाख 3 हजार 865 रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है। बढ़ती मांग और नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए राज्य सरकार ने चालू वर्ष में 2.50 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट भी स्वीकृत किया है।
पंजीकरण आंकड़े इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में 1244 इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हुए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 1488 हो गई। वाहन श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार मोटरसाइकिल 825 से बढ़कर 938, मोटरकार 49 से बढ़कर 74 और तीन पहिया पैसेंजर वाहन 206 से बढ़कर 392 हो गए हैं। वहीं मालवाहक इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह आंकड़े जिले में पर्यावरण के प्रति बढ़ती
जागरूकता और इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता को दर्शाते हैं।
इलेक्ट्रिक वाहन उपयोग को और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटेगी और वायु प्रदूषण में कमी आएगी।
इलेक्ट्रिक वाहन योजना कोरबा जिले में स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को नई दिशा दे रही है और जिले को हरित, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही है।
