कोरबा: कोरबा जिले से सड़क सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बालको क्षेत्र में स्कूल स्टूडेंट्स चलती स्कॉर्पियो गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करते नजर आए। किसी ने कार की खिड़की से बाहर निकलकर रील बनाई तो कोई सेल्फी लेता दिखा। वीडियो में लड़कियां भी चलती गाड़ी से बाहर निकलकर पोज देती दिखाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो फेयरवेल पार्टी से जुड़ा हुआ है। स्टूडेंट्स तीन काली स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर टीपी नगर स्थित महाराजा होटल पहुंचे थे। होटल पहुंचने से पहले ही उन्होंने सड़क पर नियमों को ताक पर रखकर स्टंट किए और पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
फेयरवेल पार्टी के बाद भी स्टूडेंट्स स्कॉर्पियो से शहर में घूमते नजर आए। बाद में पंजाबी गाने के साथ वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस अब वीडियो में दिख रही नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिकों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी 2026 का बताया जा रहा वीडियो
पुलिस के अनुसार यह वीडियो जनवरी 2026 का है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फेयरवेल पार्टी किस स्कूल द्वारा आयोजित की गई थी। वीडियो में कुछ स्टूडेंट्स चलती गाड़ी की दोनों खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिख रहे हैं, वहीं एक युवक वाहन चलते समय मोबाइल से सेल्फी लेता नजर आया।
बाल कल्याण समिति ने जताई चिंता
बाल कल्याण समिति के सदस्य मनोज ठाकुर ने वीडियो को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और इस तरह के स्टंट गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने पालकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। वहीं कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इसका वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें
https://www.instagram.com/reel/DTxafnliMvy/?igsh=Z2pqZzQ3ZmRrbGhl
