चरित्र संदेह में पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर, आरोपी हिरासत में

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में चरित्र संदेह के चलते पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने भयावह रूप ले लिया। झोपड़ीपारा पंप हाउस क्षेत्र में पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी को आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न यूनिट में जारी है।

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत का है। झोपड़ीपारा निवासी रवि बरेठ की शादी पांच वर्ष पूर्व अंजली बरेठ (23 वर्ष) से हुई थी। दंपती का एक बच्चा भी है। रवि मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था लेकिन चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। विवाद से परेशान होकर महिला कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। बीती रात करीब 9 बजे आरोपी रवि बरेठ पत्नी के मायके पहुंचा। उसके हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। इससे पहले कि अंजली कुछ समझ पाती, आरोपी ने उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। महिला आग की लपटों में घिर गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज बर्न यूनिट में किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। बयान में महिला ने पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उसे फांसी की सजा देने की अपील की है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने आरोपी रवि बरेठ को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article