कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: उरगा थाना पुलिस ने विद्युत केबल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया एल्यूमिनियम केबल और तार जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वैष्णव ट्रेडिंग कंपनी द्वारा ग्राम लबेद में आरडीएसएस योजना के तहत विद्युत केबल कन्वर्जन का कार्य किया गया था। काम पूरा होने के बाद सामग्री को गांव के गोदाम में रखा गया था। 26 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम से करीब 400 मीटर एल्यूमिनियम केबल और लगभग 400 किलो एल्यूमिनियम तार चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

घटना की शिकायत पर उरगा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के पास से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मदन अग्रवाल समेत हरियाणा और छत्तीसगढ़ के रहने वाले कुल 6 लोग शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि विद्युत संपत्ति की चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
