प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ा घोटाला: आवास मित्र पर 11 लाख रुपये के गबन का आरोप, अब तक नहीं हुई कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के कोरबा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बेला में गंगा राम रात्रें पर आवास मित्र के पद पर पदस्थ रहते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना में भारी वित्तीय अनियमितता बरते जाने का आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि आवास मित्र द्वारा फर्जी जीओ-टैगिंग कर आवास निर्माण की राशि हितग्राहियों के खातों में भुगतान कराया गया जिसके बाद भोले-भाले आदिवासी एवं पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों को बहला-फुसलाकर वह राशि अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली गई।


जानकारी के अनुसार राशि प्राप्त करने के बावजूद आवास मित्र द्वारा न तो आवास निर्माण कराया गया और न ही निर्माण कार्य पूर्ण किया गया जिससे  कई प्रधानमंत्री आवास आज भी अधूरे पड़े हुए हैं। आरोप है कि इस पूरे मामले में विशेष रूप से आदिवासी, पिछड़ी जनजाति एवं पहाड़ी कोरवा परिवारों को निशाना बनाकर उनके साथ धोखाधड़ी की गई।


इस मामले की जांच पूर्व में जनपद पंचायत कोरबा द्वारा कराई गई थी जिसमें लगभग 11 लाख रुपये के गबन की पुष्टि हुई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर उच्च अधिकारियों द्वारा संबंधित आवास मित्र के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए थे लेकिन हैरानी की बात यह है कि आज तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों की मांग है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर तत्काल कार्रवाई की जाए ताकि गरीब एवं वंचित हितग्राहियों को उनका हक और प्रधानमंत्री आवास योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।

  

Share This Article