नशे में वाहन चलाने वालों पर कोरबा पुलिस की सख्ती, 29 चालकों पर की गई कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में लगातार यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना उरगा पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

उरगा थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कुल 29 वाहन चालकों को पकड़ा गया। सभी चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक की जान के लिए खतरा है बल्कि आम जनता की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से पूरी तरह बचें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके और जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

Share This Article