कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना: प्रेम-प्रसंग में युवक ने प्रेमिका पर चाकू से किया हमला, फिर खुद की ली जान

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला किया और बाद में खुद पर भी वार कर आत्महत्या कर ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

यह पूरा मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान शुभम नायडू (28) के रूप में की है। शुभम शादीशुदा था और उसकी एक बच्ची है। घायल युवती निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) है। दोनों बिलासपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों मंगलवार शाम से लापता थे। युवती के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। देर रात दोनों बस से कोरबा पहुंचे। संडैल नाला के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद शुभम ने निशा के गले पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल निशा गिर गई। इसके बाद शुभम ने खुद पर चाकू से वार किया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

युवती ने वीडियो कॉल कर दी मदद की सूचना

गंभीर रूप से घायल निशा ने 112 पर कॉल की और वीडियो कॉल के जरिए किसी तरह परिजनों और पुलिस को अपनी स्थिति बताई। उसने अपनी लोकेशन भी साझा की। सूचना मिलते ही पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित किया जबकि युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया।

उरगा थाना पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है लेकिन पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच जारी है। मृतक के परिजन भी कोरबा के लिए रवाना हो चुके हैं और युवती के परिवार से संपर्क किया जा रहा है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।

Share This Article