‘स्वच्छता महासंकल्प’ में कोरबा का नया कीर्तिमान, एक घंटे में 10 हजार से ज्यादा हस्ताक्षर, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी मजबूत पहचान एक बार फिर साबित की है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित स्वच्छता महासंकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान के तहत मात्र एक घंटे में 10 हजार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कोरबा का नाम दर्ज कराया।

नगर निगम कोरबा पहले ही स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के सबसे स्वच्छ शहरों में आठवां स्थान हासिल कर चुका है। इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए निगम ने जनभागीदारी आधारित इस विशेष अभियान का आयोजन किया था, जिसमें तय लक्ष्य से अधिक लोगों ने सहभागिता निभाई।

अभियान के दौरान शहर में 280 मीटर लंबा विशाल बैनर लगाया गया। इस पर आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अभियान को कोरबा के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में आठवां स्थान प्राप्त करने के बाद जनता की इतनी बड़ी भागीदारी कोरबा की जागरूकता को दर्शाती है।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि निगम लगातार जनसहभागिता से जुड़े स्वच्छता अभियानों पर काम कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के नाम एक घंटे में लगभग साढ़े सात हजार हस्ताक्षरों का रिकॉर्ड था, जिसे कोरबा ने पीछे छोड़ दिया है।

Share This Article