कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के हरदीबाजा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोहरियामुड़ा निवासी 19 वर्षीय युवक ने अपनी मां की मौत के सदमे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक पिछले तीन महीनों से गहरे अवसाद में था और मां के निधन के बाद से सामान्य जीवन में लौट नहीं पाया था।
मृतक की पहचान विक्रम कुमार मनहर के रूप में हुई है, जो बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। परिजनों के अनुसार, 10 अक्टूबर 2025 को बीमारी के चलते उसकी मां सिया बाई (49) का निधन हो गया था। मां की मौत के बाद से विक्रम बेहद शांत और गुमसुम रहने लगा था। उसने पढ़ाई भी छोड़ दी थी और अधिकतर समय अकेले ही रहता था।
बताया जा रहा है कि विक्रम की मानसिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसका चिकित्सकीय इलाज भी शुरू कराया था, लेकिन वह सदमे से उबर नहीं सका। शुक्रवार सुबह 6 फरवरी को उसने घर पर ही चूहामार दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।
मृतक के पिता गनपत लाल मनहर ने बताया कि विक्रम उनका इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
