कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग पर शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान में सेंधमारी कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। चोर खिड़की की रॉड तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारी में रखे करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला मानिकपुर थाना का है। जहां एसबीआई बैंक के चीफ मैनेजर राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए से रहते हैं। घटना के समय पूरा परिवार रायपुर गया हुआ था। राजू मोदी ने बताया कि वे शुक्रवार सुबह रायपुर रवाना हुए थे और देर रात करीब 1 बजे घर लौटे। घर का ताला खोलते ही अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी हुई थी। उन्होंने तत्काल डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने घर में रखे 20 हजार रुपए नकद और लैपटॉप जैसे कीमती सामान को हाथ नहीं लगाया, लेकिन अलमारी तोड़कर चार सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और टॉप सहित करीब 5 लाख रुपए के जेवरात चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया। डॉग स्क्वायड का कुत्ता ‘बाघा’ घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पोड़ी बहार मैदान तक पहुंचा, जहां शराब की खाली बोतल मिली। इसके बाद सुराग टूट गया।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
