संगठित ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश, 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, 6 आरोपी हिरासत में

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

जांजगीर-चांपा:  जिले में लगातार बढ़ रही विद्युत ट्रांसफार्मर, कॉपर और एल्युमिनियम केबल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में हुई लगातार चोरी की घटनाओं का पता लगाते हुए पुलिस ने एक अंतरजिला संगठित चोर गिरोह को धर दबोचा है।

पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनसे लगभग 17 लाख 30 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी, साथ ही संतोष भास्कर, विरेन्द्र सुमन, राज आर्यन वानी उर्फ छोटू, अमन रात्रे और राज आर्यन उर्फ रोहित वानी शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के निवासी हैं।

थाना शिवरीनारायण में जनवरी 2026 के दौरान कई ट्रांसफार्मर चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। 13–14 जनवरी की रात रोड दुरपा के पास पुराने ट्रांसफार्मर से लगभग 230 किलोग्राम कॉपर और 22 जनवरी को लोहर्सी के पास लगे ट्रांसफार्मर से करीब 200 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह वारदातों की पहले रेकी करता, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाता था। चोरी रात के समय अंजाम दी जाती थी। चोरी की माल ढुलाई के लिए बोलेरो वाहन को एम्बुलेंस के रूप में तैयार किया जाता था ताकि पुलिस और आमजन भ्रमित हो जाए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर, कॉपर व एल्युमिनियम वायर, चार मोबाइल फोन, बोलेरो एम्बुलेंस, छोटा हाथी वाहन, कटर मशीन ब्लेड और अन्य औजार जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में गिरोह की 10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई है।

मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले भी बलौदा बाजार-भाटापारा और बिलासपुर जिलों में चोरी के मामले दर्ज हैं। संगठित रूप से अपराध करने के कारण संगठित अपराध की धारा 111 बीएनएस भी आरोपियों पर जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Share This Article