कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में उरगा थाना पुलिस ने ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापेमारी कर भारी मात्रा में वाहनों के पुर्जे और लोहे का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्क्रैप यार्ड में चोरी से जुड़े हाइवा, ट्रेलर और ट्रकों के पुर्जे अवैध रूप से संग्रहित किए गए हैं।
सूचना के आधार पर उरगा पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान स्क्रैप यार्ड संचालक नूर आलम (33 वर्ष), निवासी टी.पी. नगर, कोरबा मौके पर मौजूद पाया गया। जब उससे यार्ड में रखे सामान के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने संदेह के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 1200 टन लोहे का सामान, जिसमें ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी और अन्य वाहन पुर्जे शामिल हैं, जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
नगर निगम की टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद कर दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार और अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।
