कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बरपाली स्थित अंग्रेजी और देशी शराब दुकान में ग्राहकों को खुले पैसे न देकर टोकन थमाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब दुकान के कर्मचारी चिल्हर न होने का बहाना बनाकर 10 और 20 रुपये के टोकन दे रहे हैं जिनका इस्तेमाल ग्राहकों को पास की चखना दुकान में ही करना पड़ रहा है।
ग्राहकों के मुताबिक हरे रंग का टोकन 10 रुपये और नीले रंग का टोकन 20 रुपये का बताया जा रहा है। शराब खरीदने के बाद जब खुले पैसे मांगे जाते हैं तो कर्मचारियों द्वारा टोकन पकड़ा दिया जाता है और चखना दुकान से सामान लेने को कहा जाता है। इससे ग्राहक खुद को जबरन खरीदारी के लिए मजबूर महसूस कर रहे हैं।
विरोध करने पर बदसलूकी, वीडियो वायरल
इस व्यवस्था को लेकर दुकान में कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है। कर्मचारियों पर ग्राहकों से अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने के आरोप भी लगे हैं। टोकन को लेकर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।
ग्राहकों का आरोप है कि शराब दुकान के कर्मचारी और चखना दुकान संचालक के बीच आपसी मिलीभगत है। इसी कारण टोकन सिस्टम लागू कर ग्राहकों को चखना दुकान से सामान खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह समस्या सिर्फ बरपाली तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की अन्य शराब दुकानों में भी इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। संबंधित शराब दुकान में ऑल ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी पदस्थ हैं।
मामले को लेकर आबकारी अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल मदिरा प्रेमियों में भारी आक्रोश है।
