कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कोरबा पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत विशेष रात्रि चेकिंग और कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया।
7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात को पूरे जिले में पुलिस ने एक साथ कार्रवाई करते हुए संदिग्धों और असामाजिक तत्वों की गहन जांच की। इस दौरान गुंडा और निगरानी बदमाशों को चिन्हित कर सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12 आदतन अपराधियों के खिलाफ धारा 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं, संदिग्ध हालत में घूम रहे 3 लोगों पर धारा 128 BNSS के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कांबिंग गश्त के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 2 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस सहायता नंबर पर दें।
